अमरिया। क्षेत्र में ईंट भट्टों पर हो रहे मिट्टी के अवैध खनन को रोकने के लिए तहसील और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर तीन जेसीबी और एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ लिया। हालांकि पुलिस ने बाद में एक जेसीबी छोड़ दी।
तहसील क्षेत्र के ईंट भट्टों पर मिट्टी का अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बताते हैं कि रात के अंधेरे में मिट्टी का खनन किया जाता है। अवैध मिट्टी खनन करने वालों की धरपकड़ करने को तहसील और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने अवैध खनन में जुटी तीन जेसीबी और एक ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ ली। जिन्हें थाने लाकर खड़ा कर दिया गया। अभियान से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा रहा। बताते हैं कि रात में ही पकड़ी गई एक जेसीबी मशीन को छोड़ दिया गया। इस संबंध में एसडीएम रामदास सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात तहसील की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से क्षेत्र में अभियान चलाया। जिसमें भट्टों पर रात में खनन करते दो जेसीबी पकड़ी गई और एक जेसीबी को सड़क पर जाते समय पकड़ा गया था। जिसे थाने पहुंचने पर पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इसकी रिपोर्ट तैयार कर जिला खनन अधिकारी को भेजी गई है।