जहानाबाद के गांव सिकलापुर में डांस करतीं नर्तकियां और लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
जहानाबाद (पीलीभीत)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रत्याशी वोटरों को लुभाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। प्रधान पद के एक संभावित प्रत्याशी ने वोटरों को लुभाने के लिए नर्तकियों को बुलाकर ठुमके लगवाए। जहां देखने वालों की खासी भीड़ रही थी। नर्तकियों पर दर्शकों ने नोट भी लुटाए थे। नर्तकियों के ठुमके लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अफसरों में खलबली मच गई। बुधवार देर शाम पुलिस की ओर से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
सोशल मीडिया पर मंगलवार रात एक वीडियो वायरल हुआ, जो जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सिकलापुर का बताया जाता है। जहां होली के अगले दिन मंगलवार को नर्तकियों को बुलाया गया था। वायरल वीडियो में ग्रामीणों की भीड़ लगी है। एक मकान के बाहर डीजे बजने के साथ नर्तकियां ठुमके लगा रही हैं। कुछ युवकों ने नर्तकियों पर नोट लुटाए। वीडियो वायरल करने वाले का कहना था कि पंचायत चुनाव में प्रधान पद के संभावित प्रत्याशी ने मतदाताओं को लुभाने के लिए आयोजन कराया था। हालांकि आयोजन स्थल उसके घर का नहीं है। आयोजन एक ग्रामीण के मकान के बाहर हुआ था। वीडियो वायरल होने की सूचना पुलिस के पास पहुंची थी। इसके बाद पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन पुलिस कोई साक्ष्य न मिलने की बात कहकर बैरंग लौट गई।
यह मामला दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी चर्चा का विषय बना रहा। इससे पहले पूरनपुर और सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में भी नर्तकियों से ठुमके लगवाने का वीडियो वायरल हो चुका है। सेहरामऊ उत्तरी थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई थी।
पुलिस बनी वादी, दर्ज की रिपोर्ट
नर्तकियों के ठुमके लगाने के मामले में बुधवार देर शाम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। आयोजन सुम्मेरलाल के घर के बाहर हुआ था। इसलिए रिपोर्ट में सुम्मेरलाल को नामजद किया गया है। प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर सिकलापुर गांव के सुम्मेरलाल व अज्ञात के खिलाफ महामारी अधिनियम, बिना अनुमति आयोजन करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना में तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जांच शुरू
वीडियो के जरिये मामला संज्ञान में आया है। इस पर मंगलवार रात करीब 11 बजे सिकलापुर गांव पुलिस भेजी गई थी। मगर वहां कोई मिला नहीं। न नर्तकियां थीं, और न डीजे व टेंट आदि का सामान था। साक्ष्य न मिलने के बावजूद मामले की जांच कराई जा रही है। ग्रामीणों से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है।- हरीश वर्धन सिंह, प्रभारी निरीक्षक जहानाबाद
विपक्षियों ने चंदा करके बुलाई थीं नर्तकियां
मेरे द्वारा कोई आयोजन नहीं कराया गया। विपक्षियों ने चंदा करके नर्तकियां बुलवाकर डांस कराया था। अब मुझे बदनाम कर फंसाने की कोशिश की जा रही है। वायरल वीडियो में मेरा कोई फोटो तक नहीं है, जबकि कई विपक्षियों के चेहरे दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अपनी जांच करे, सच सबके सामने आ जाएगा। - आरोपी संभावित प्रत्याशी