पीलीभीत। बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर भाजयुमो (भारतीय जनता युवा मोर्चा) जिलाध्यक्ष पर ग्रामीण से 1.30 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। छह माह बाद भी कनेक्शन न दिलाने और न ही रुपये लौटाने का आरोप है। पीड़ित ने एसपी कार्यालय में शिकायत कर रुपये वापस कराने और रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव अनवरगंज के निवासी दयाराम ने बताया कि उनकी भाजयुमो जिलाध्यक्ष से पुरानी पहचान है। दोनों साथ पढ़ाई करते थे। पिछले साल पीड़ित को आठ किलोवॉट लोड का आटा चक्की का बिजली कनेक्शन लेना था। इसके लिए उन्होंने बात की। आरोप है कि आठ सितंबर 2020 को भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने उनसे 1.30 लाख रुपये अपनी कार में बैठकर लिए। कहा कि जल्द ही बिजली कनेक्शन मुहैया करा दिया जाएगा। कई बार चक्कर लगवाए। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों से बात करने का झांसा दिया जाता रहा। काफी दिन बाद कनेक्शन जब न मिला तो रुपये मांगना शुरू कर दिया। इसके बाद से लगातार आश्वासन दिया जा रहा था। पीड़ित ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह पुलिस लाइन पहुंचे। एसपी के न मिलने पर उनके कार्यालय में शिकायत पत्र दिया है।
सिर्फ मदद की, रुपये ठगने की बात गलत
पहले से पहचान होने की खातिर ग्रामीण मेरे पास मदद के लिए पहुंचा था। मैने उसे बिजली कनेक्शन दिलाने के लिए काफी मदद की। कोई रुपया नहीं लिया गया। वरिष्ठ नेताओं से भी पत्र लिखवाए गए थे। रुपये की ठगी करने का आरोप गलत तरीके से लगाया गया है। - राजू लोधी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। कार्यालय में शिकायती पत्र दिखवाया जाएगा। अगर कोई शिकायती पत्र पहुंचा है तो उस पर जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई कराएंगे। - जयप्रकाश, एसपी