बीसलपुर। दो दिन से लापता आठ वर्षीय बाइक का शव शौचालय के टैंक में पड़ा मिल गया। परिवार वाले बालक की हत्या करने के बाद शव खुले टैंक में फेंकने का आरोप लगा रहे हैं। इस पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार बालक की मौत गंदे पानी में गिरने के बाद दम घुटने से हुई थी।
क्षेत्र के गांव लुहिचा निवासी राधेश्याम पिछले कई सालों से बीसलपुर कस्बे में मोहल्ला दुर्गाप्रसाद की आसरा कालोनी में रहते हैं। उनका आठ वर्षीय पुत्र गोपाल एक निजी स्कूल में कक्षा दो में पढ़ता था। सोमवार 25 जनवरी को अपराह्न करीब तीन बजे गोपाल रामलीला मैदान में खेलने जाने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद घर नहीं लौटा। शाम तक इंतजार करने के बाद परिवार वालों ने गोपाल की तलाश शुरू कर दी। तलाशने पर कुछ पता नहीं चला तो परिजन ने बीसलपुर कोतवाली जाकर गुमशुदगी दर्ज करा दी। इसके बाद पुलिस ने बीसलपुर कस्बा और आसपास के इलाकों में एनाउंसमेंट कराया। अगले दिन 26 जनवरी की सुबह परिवार वाले आसरा कॉलोनी में तलाशते हुए एक शौचालय टैंक पास पहुंचे तो बच्चे चप्पलें पड़ी मिलीं। उन्होंने फोरन इसकी सूचना पुलिस को दी। टैंक का ढक्कन हटा हुआ था। पुलिस ने टैंक के अंदर तलाश कराया तो बच्चे का शव मिल गया। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए गांव लुहिचा के तीन लोगों पर शक जताया है।
परिजन के मुताबिक उनका आरोपियों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच मुकदमा भी चल रहा है। आरोप है कि इसी रंजिश में बालक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजन की ओर से बालक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी। टैंक का ढक्कन हटा हुआ था। बालक टैंक में गिरा था या उसकी हत्या करने के बाद शव फेंका गया। यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगा। परिवार वालों के शक जताने पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
- सुनील कुमार शर्मा, कोतवाल बीसलपुर