पीलीभीत। सट्टा करने को लेकर पोस्टर चस्पा कराने पुलिस टीम पर हमला करने वाले सटोरिया अब्दुल वारिस खां उर्फ बट्टू को पुलिस तलाश रही है। पुलिस लगातार दबिश देने का दावा कर रही है। वही सटोरिया बट्टू सोमवार को पुलिस लाइन में घूमकर चला गया। खास बात यह कि जिस वक्त सटोरिया पुलिस लाइन में घूम रहा था उस दौरान वहां अधिकारी भी मौजूद थे। सटोरिया बट्टू के पुलिस लाइन में घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस में खलबली मच गई। अधिकारी खुद को बचाने के लिए इससे अनभिज्ञता जता रहे हैं।
एसपी जयप्रकाश के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान तहत जहानाबाद पुलिस ने दो बार में मुठभेड़ के बाद सात सट्टेबाजों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। इस पर सट्टेबाज परेशान हो गए। इसी बीच 19 जनवरी की रात शहर के जिला अस्पताल रोड, बशीर खां मोहल्ला, छोटी मार्केट की दीवारों पर सट्टेबाजों ने पोस्टर चस्पा किए थे। इन पोस्टरों में खुलकर सट्टा करने का एलान किया गया था। पुलिस से बचाने के बारे में भी लिखा था। पोस्टर चिपकाने वालों के मौजूद होने का पता लगने पर 21 जनवरी की रात पुलिस ने मां यशवंतरी देवी मंदिर चौराहा के पास दबिश दी थी। दबिश के दौरान सट्टेबाजों ने लाठी डंडे से पुलिस पर हमला कर दिया था, जिसमें दो सिपाही घायल हुए थे। तीन सट्टेबाज मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी मोहम्मद फहमीद, राजू मौर्य, बड़ा खुदागंज निवासी प्रेमशंकर को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। पुलिस की ओर से दर्ज किए गए मुकदमे में मोहल्ला भूरे खां निवासी अब्दुल वारिस खां उर्फ बट्टू, मोहम्मद वासिल मोहल्ला निवासी शारिक उर्फ काला, छोटा खुदागंज निवासी वसीम और मोहल्ला अशरफ खां के अजमल को नामजद किया गया था, जो फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।
सोमवार को आरोपी बट्टू करीब 20 मिनट तक पुलिस लाइन में घूमता रहा। इस दौरान किसी ने उसका वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। हालांकि पुलिस के अफसर इसकी जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं।
पुलिस लाइन में किसी सट्टेबाज के आने की कोई जानकारी मुझे नहीं है। फरार सट्टेबाजों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई है। सर्किल अफसरों से पुलिस कार्रवाई की निगरानी करने को कहा गया है। जल्द फरार आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। - जयप्रकाश, एसपी