चुर्रासकतपुर/बीसलपुर। चार महीने पहले बैंक में खाता खुलवाने गई युवती लापता हो गई थी। मंगलवार को वह खुद ही घर लौट आई और परिवार वालों को बताया कि रास्ते से कुछ लोग उसे अगवा करके हरियाणा ले गए थे। जहां बंधक बनाकर एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। सोमवार को मौका पाकर वह भाग निकली। मामले में युवती के पिता ने दो लोगों को नामजद करते हुए पांच के खिलाफ तहरीर दी है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी 14 सितंबर 2020 को गांव परेवा स्थित बैंक के एक ग्राहक सेवा केंद्र पर खाता खुलवाने गई थी। इसके बाद से वह लापता हो गई। काफी खोजबीन करने पर भी उसका पता नहीं चला। सूचना पुलिस को दी तो पुलिस ने तलाशने की बात कहकर टाल दिया था। मंगलवार को बेटी खुद ही घर आ गई। उसने बताया कि 14 सितंबर को गांव परेवा जाते समय रास्ते में कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। बेहोश करके उसे कार में डालकर हरियाणा ले गए। वहां एक घर में बंधक बनाकर रखा। एक आरोपी ने चार महीने तक उससे दुष्कर्म किया। आरोपी दिन में उसे कमरे में बंद करके चले जाते थे, शाम को वापस आते थे। हालांकि यह नहीं बता सकी कि हरियाणा के किस शहर और स्थान पर बंधक बनाया गया। सोमवार को मौका पाकर वह कमरे से बाहर निकली और फिर घर आ गई। उसे बंधन मुक्त करने में पड़ोस की एक महिला ने मदद की थी। किराये के लिए 500 रुपये भी उसी ने दिए थे। इसके बाद रोडवेज बस से घर आ सकी। तहरीर में गांव रंभोजा और खकूमा के दो युवकों को नामजद कर पांच लोगों के खिलाफ बरखेड़ा थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर क्राइम बरखेड़ा सुरेंद्रपाल ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।