पीलीभीत। बिजली घर चौराहा के पास खाली पड़े वक्फ सोसाइटी की जमीन में रावण का पुतला दहन करने से दो समुदायों में तनाव हो गया। दूसरे समुदाय के लोगों ने पुतले पर पानी डालकर उसे बुझा दिया। यह पता चलने पर दोनों समुदाय लोग एकत्र हो गए और झगड़ा करना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही एसपी और सीओ सिटी समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने खुराफातियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला देेेशनगर गौड़ी में वफ सोसाइटी की जगह खाली पड़ी है। दो साल पहले एसडीएम तत्कालीन एसडीएम वंदना त्रिवेदी ने इसे खाली कराकर तारफेसिंग कराई थी। लेकिन यहां पर रेता बजरी का धंधा करने वाले लोगों ने उसे तोड़कर दोबारा कब्जा करना शुरू कर दिया। रविवार रात दशहरा के उपलक्ष्य में एक समुदाय के लोगों ने रावण का पुतला बनाकर उसे प्लाट में दहन करने पहुंच गए। दूसरे समुदाय के लोगों ने विरोध करना शुुरू कर दिया। दूसरे समुदाय के लोगों ने रावण के पुतले पर पानी डालकर उसे बुझा दिया। दोनों समुदायों के बीच कहासुनी हो गई। सूचना मिलते ही पहले सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम कोतवाली इंस्पेक्टर श्रीकांत द्विवेदी मौके पर पहुंच गए। दोनों समुदाय के लोग पुलिस की मौजूदगी में ही झगड़ने लगे। एक समुदाय का आरोप है कि बच्चे पुतला बनाकर यहां जलाने जा रहे थे। मगर, दूसरे मोहल्लों के लोगों ने आकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। दूसरे समुदाय के लोगों ने गलत तरीके से पुतला दहन कर नई परंपरा डालने की बात कही। पुतला जलाने वालों पर ठेका चौकी इंचार्ज विशेष कुमार ने मोहल्ला मदीना शाह निवासी बंटी, दीपू और मोहल्ला बशीर खां के शेर सिंह उर्फ शेरा, खन्ना समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ कोरोना महामारी अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। समुदाय विशेष पर कोई कार्रवाई न होने से लोगों में रोष है। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि बिना परमीशन पुतला दहन करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अगर कोई भी किसी तरह से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उस सख्त कार्रवाई होगी।