बिलसंडा। पहाड़गंज गांव में आम के बाग में लंबे समय से चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री पुलिस ने पकड़ ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर यहां से एक अपराधी को भी धर दबोचा, जबकि दूसरा भाग निकला। तमंचे और उपकरण बरामद किए गए।
एसपी जयप्रकाश के निर्देश पर पुलिस ने बुधवार सुबह गांव पहाड़गंज में आम के बाग में छापा मारा। वहां पुलिस को निगोही शाहजहांपुर के जिंदपुरा गांव निवासी चंद्रसेन पुत्र कोमिल प्रसाद मिला। उसे पुलिस ने पकड़ लिया। जबकि उसका साथी पहाड़गंज गांव निवासी नन्हे लागुरिया भाग निकला। पुलिस ने मौके से चार तमंचे, दो बंदूकें और उपकरण बरामद किए। इंस्पेक्टर बिरजाराम ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। उसके दूसरे साथी नन्हे की तलाश में दबिश दी गईं है, मगर वह नहीं मिला। नन्हे पहले भी दो बार असलहा फैक्टरी चलाने पर पकड़कर जेल भेजा जा चुका। दोनों आरोपी चार से पांच हजार रुपये में तमंचे बनाकर बेचते थे। उन्होंने तमंचे किसे बेचे हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।