बरखेड़ा। मजदूर मूलचंद की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमिका के पिता को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया गया। उसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है। अन्य दो हत्यारोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है।
थाना क्षेत्र के जिरौनिया गांव निवासी 17 वर्षीय मूलचंद की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उसका सड़ा-गला शव छह दिन बाद गांव के बाहर 22 जुलाई को कुएं में मिला था। पुलिस ने पहले से दर्ज अपहरण की रिपोर्ट में हत्या करके साक्ष्य छिपाने की धारा बढ़ा दी थी। छानबीन में सामने आया कि हत्या प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमिका के परिवार वालों ने की थी। उनके द्वारा लालच देने पर फोन कर 15 जुलाई की रात मूलचंद को बहाने से बुलाने वाले गांव के ही पंचमलाल को जेल भेजा गया था। पंचमलाल उसे बुलाकर लाया और प्रेमिका के पिता ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। प्रेमिका के पिता समेत तीन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके थे। सोमवार सुबह पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमिका के पिता के घर सुनगढ़ी क्षेत्र के जंगरौली गांव में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर कमल सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया है।