बीसलपुर। सगी भाभी से जबरन प्रेम संबंध बनाने की कोशिश पर देवर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। कई बार समझाने के बाद भी न मानने पर बड़े भाई ने पत्नी के साथ मिलकर सोते समय पहले दुपट्टे से पहले गला दबाया। फिर जब उसकी मौत हो गई तो शव उठाकर घर के बाहर फेंक दिया। पिता से तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। आरोपी दंपती को हिरासत में ले लिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी वेदप्रकाश (20) पुत्र बाबूराम मजदूरी करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। घर पर उसके अलावा पिता बाबूराम, बड़ा भाई ओमप्रकाश और भाभी रहते थे। बुधवार देर रात वेदप्रकाश का शव मकान के बाहर पड़ा मिला। गले में दुपट्टा कसा हुआ था। पूर्व सभासद राजेश कश्यप ने शव पड़ा देखकर इसकी सूचना परिवार वालों को दी। पुलिस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंच गई। शक होने पर पुलिस ने बड़े भाई ओमप्रकाश को कोतवाली लाकर हत्या के बारे में पूछताछ की। कुछ देर बड़े भाई ने पुलिस को भटकाने का प्रयास किया, मगर सख्ती करने पर उसने सच कबूल दिया।
पुलिस के अनुसार देवर की हत्या सगे भाई ओमप्रकाश ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर की थी। पिता बाबूराम ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। इसमें बताया गया कि उनके छोटे बेटे की हत्या बड़े बेटे और बहू ने मिलकर की। पिता ने बताया कि वेदप्रकाश सगी भाभी से जबरन प्रेम संबंध बनाना चाहता था। विरोध करने पर बहू को धमकी दी जाती थी। इसका पता लगने पर बड़े भाई ने उसे समझाने का प्रयास किया, मगर वह नहीं माना। बुधवार शाम को भी इसी बात पर दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद रात को दंपती ने वेदप्रकाश की सोते समय दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और शव को सड़क पर फेंक दिया। दुपट्टा भी भाभी का ही निकला है। सीओ लल्लन सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी दंपती को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।