बरखेड़ा। सरकारी जमीन पर कब्जा करने के बाद उस पर खेती करने से रोकने पर अतिक्रमणकारी ने लेखपाल से गालीगलौज और अभद्रता की। यही नहीं अतिक्रमणकारी ने लेखपाल पर कार्रवाई कराने की धमकी तक दे डाली। लेखपाल से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तीन लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
बीसलपुर तहसील के लेखपाल विदित गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद वह सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों का चिह्नीकरण करने के लिए शनिवार को क्षेत्र के गांव ललौर गुजरानपुर गए थे। वहां गांव के धर्मेंद्र कुमार द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा करने की बात सामने आई। उन्होंने मौके पर जाकर निरीक्षण किया तो कब्जा की गई जमीन पर धान की फसल लगी मिली। इसे लेकर वह छानबीन कर रहे थे कि धर्मेंद्र और उसके दो साथी तेजपाल और अनिल कुमार मौके पर आ गए। तीनों उनसे गालीगलौज करते हुए अभद्रता करने लगे। कब्जा हटाने का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद वह उनका वीडियो बनाने लगे और उसमें फंसाकर कार्रवाई कराने की धमकी दे डाली। उसी वक्त उन्होंने पुलिस से मदद लेकर खुद को बचाया। इंस्पेक्टर कमल सिंह ने बताया कि लेखपाल से अभद्रता करने वाले तीनों आरोपियों पर सरकारी जमीन पर कब्जा, सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।