फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरहा गांव की रामनगर कॉलोनी में नशे में धुत युवक ने तमंचे से चलाई गोली, छात्रा समेत दो घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। बरहा गांव की रामनगर कॉलोनी में नशे में धुत एक युवक ने रविवार अपराह्न तमंचे से अचानक फायर कर दिया। इसमें बीएड की छात्रा समेत दो लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर छात्रा को बरेली रेफर कर दिया गया। दूसरे व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर करने के बाद बाद आरोपी खुद ही सुनगढ़ी थाना पहुंच गया। आरोपी, गांव वाले और छात्रा परिवार के लोग घटना की अलग-अलग कहानी बता रहे हैं। सुनगढ़ी थाना पुलिस भी इन कहानियों में उलझकर रह गई है। घटना की सत्यता परखने को छानबीन कराई जा रही है।
विज्ञापन

रविवार दोपहर करीब दो बजे रामनगर कॉलोनी निवासी बीएड की छात्रा बिंदु देवी (20) पुत्री स्वर्गीय गनपतराम को परिवार वाले जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। बिंदु की कोख में गोली लगी हुई थी। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। तब छात्रा के भाई अशोक ने बताया कि गांव का लालाराम आए दिन उनके घर आकर गाली गलौज करता है। दो दिन पहले भी उसने नशे में आकर हंगामा किया था। रविवार दोपहर छात्रा बिंदु, मां मालती और बड़ी बहन गायत्री घर पर थीं। अचानक नशे में धुत होकर लालाराम घर आया। दरवाजा खोलते ही छात्रा बिंदु के ऊपर उसने तमंचे से फायर कर दिया और तुरंत वहां से भाग गया। छात्रा का भाई घटना के पीछे की वजह नहीं बता पाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद बिंदु को बरेली रेफर कर दिया। परिवार वाले उसको एंबुलेंस से बरेली ले गए।
आधा घंटे बाद इसी कॉलोनी के मजदूर काशीराम (40) पुत्र मैकूलाल को भी उसके परिवार वाले जिला अस्पताल लेकर पहुंच गए। उसका चेहरा बारूद से झुलसा था। घायल काशीराम ने बताया कि वह दोपहर बाद अपने प्लाट पर जा रहा था। तभी लालाराम अचानक तमंचा लहराता हुआ सामने से आया और नजदीक आते ही अचानक फायर कर दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गए। एक घंटे बाद प्लाट से उनको परिजन अस्पताल लाए। काशीराम भी लालाराम के गोली चलाने के पीछे कोई वजह नहीं बता सका। हालांकि चिकित्सकों ने उसके सामान्य रूप से घायल होने की बात कही।
विज्ञापन

इधर, पुलिस घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट न होने से उलझी हुई थी। इसी बीच आरोपी लालाराम खुद ही एक खोखा लेकर सुनगढ़ी थाना पहुंच गया। उसने बताया कि प्लाट पर काफी लोग जुआ खेलते हैं। उसने जुआरियों को भगाने के लिए फायर किए। इसके बाद जब भीड़ उसको पीटने के लिए पीछे दौड़ी तो एक तालाब में तमंचा फेंककर वह थाने भागकर चला आया। ऐसे में तीसरी कहानी सामने आ गई तो पुलिस और उलझ गई। सीओ सिटी प्रवीण मलिक, इंस्पेक्टर राजेश कुमार, नरेश कुमार पुलिस बल के साथ रामनगर कॉलोनी पहुंचे। प्लाट पर ताश के पत्ते बिखरे मिले, इससे प्लाट पर बड़े स्तर पर जुआ होने की बात सामने आई। मगर काफी कोशिशों के बाद भी घटना को लेकर कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका। मौका मुआयना कर पुलिस वापस आ गई। अब सत्यता जानने के लिए पुलिस छानबीन में जुटी है।
घटनास्थल को लेकर भी असमंजस
दोनों घायलों के मुताबिक उन पर हमला अलग-अलग स्थान पर हुआ। मगर पुलिस को कहीं पर भी खून नहीं मिला। पहले किस पर हमला हुआ, इसको लेकर भी कोई कुछ नहीं बता पा रहा। आरोपी की कहानी घायल छात्रा के परिजन के बताए घटनाक्रम से मेल नहीं खा रही। ऐसे में पुलिस का सच पता लगाना चुनौती बना है।
छात्रा के परिवार से एक विवाद की चर्चा, फिर मजूदर पर क्यों चलाई गोली
छात्रा बिंदु देवी के परिवार से आरोपी की एक रंजिश की चर्चा तेज है। आरोपी ने तो इसको लेकर बात कही..मगर छात्रा के परिजन स्वीकार नहीं कर रहे। अब अगर इस रंजिश को सही भी मान लिया जाए तो सवाल है कि मजदूर काशीराम पर गोली क्यों चलाई गई? इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है।
छात्रा समेत दो लोग घायल हुए हैं। घटना को लेकर तस्वीर साफ करने के लिए छानबीन कराई जा रही है। सीओ सिटी को मौके पर भेजा गया है। गहनता से पड़ताल करा रहे हैं, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। - रोहित मिश्र, एएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें