पीलीभीत। मीरपुर हर्रायपुर गांव निवासी 19 वर्षीय पूजा का शव घर के बाहर बनी झोपड़ी में दुपट्टे से बने फंदे से बल्ली के सहारे लटका मिला। पुलिस मामले को आत्महत्या बता रही है। जबकि मां ने युवती के बड़े भाई और भाभी से चल रहे झगड़े में हत्या का अंदेशा जताया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवती की मौत फंदे पर लटकने से हुई है।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के मीरपुर हर्रायपुर गांव निवासी टिकनी देवी ने बताया कि उनके पति नन्हेलाल की करीब 13 साल पहले मौत हो चुकी है। उनके तीन बेटे राजवीर, मनोज, आदेश हैं। एक बेटी 19 वर्षीय पूजा थी, जो उनके साथ घर के बाहर बनी झोपड़ी में रहती थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे वह जागने के बाद शौच को चली गई। उस वक्त पूजा सो रही थी। करीब एक घंटे बाद लौटने पर देखा तो पूजा का शव झोपड़ी के अंदर फंदे पर लटका मिला। उन्होंने दरांती से दुपट्टा काटकर शव नीचे उतारा। उनकी सुनकर परिवार वाले और ग्रामीण जमा हो गए। इसकी सूचना मिलने पर बिलसंडा इंस्पेक्टर एसके सिंह मौके पर पहुंच गए। युवती की मां का कहना है कि उनके बड़े बेटे और उसकी पत्नी पिछले कई दिनों से झगड़ा कर रहे थे। इसी के चलते पूजा की हत्या कर दी गई। हालांकि इसकी कोई लिखित शिकायत नहीं की गई। उधर, भाई राजवीर का कहना है कि उसका इससे कोई लेना-देना नहीं है।
इस झगड़े की वजह से मां को अंदेशा
दरअसल, पूजा के बड़े भाई राजवीर की साली जब भी घर आती थी, वह पूजा के साथ झोपड़ी में सोया करती थी। करीब पंद्रह दिन पूर्व भी वह आई थी। मां टिकनी देवी ने राजवीर की साली को वहां पर सोने नहीं दिया। इसी बात को लेकर परिवार में झगड़ा होने लगा। बीते तीन-चार दिन से इसी को लेकर झगड़ा हो रहा था।
प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। इसके पीछे वजह को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है। उसकी पड़ताल पुलिस कर रही है। सिर्फ मां की तरफ से हत्या का अंदेशा जताते हुए जांच की मांग की गई है। इस पर छानबीन कराई जा रही है। - रोहित मिश्र, एएसपी