पीलीभीत। रामलीला मैदान के पास स्थित बाग में गुरुवार सुबह एक किसान का शव पेड़ से लटका मिला। परिजन उनकी ने हत्या करने के बाद शव लटकाने की आशंका जता रहे है।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के गाव नरायनपुर निवासी देवेश गंगवार ने बताया कि उनके पिता नरेश चंद्र (65) बुधवार सुबह सात बजे बीसलपुर की बैंक ऑफ इंडिया में लोन की किस्त जमा करने के लिए जाने को कहकर घर से निकले थे। उनके पास 20 हजार रुपये थे। शाम पंाच बजे तक जब वह घर नहीं लौटे तो देवेश ने पिता का मोबाइल नंबर मिलाया, जो स्विच निकला। नरेश चंद्र का देर रात तक कोई पता न लगने पर परिवार वालों को चिंता हुई। अगले दिन गुरुवार को तड़के उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान किसी ने उन्हें रामलीला मैदान के पास बाग में आम के पेड़ से वृद्ध का शव लटका होने की खबर दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो नरेश चंद्र का शव देखकर सन्न रह गए। उनके बेटे देवेश की सूचना पर सीओ प्रवीण मलिक, कोतवाल हरीशंकर वर्मा पुलिस के साथ मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने शव पेड़ से नीचे उतारकर देखा तो पेट पर चाकू से बार करने के हल्के निशान थे। वहीं एक छोटा चाकू पड़ा था। नरेश की जेब में मोबाइल और डाकघर से 25 सितंबर को की गईं रजिस्ट्री की तीन रसीदें मिलीं। वहीं कुछ दूरी पर शराब की खाली बोतल पड़ी थी। देवेश कहना है कि किसी ने उनके पिता की हत्या कर 20 हजार रुपये लूट लिए और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव पेड़ से लटका दिया। हालांकि उन्होंने किसी से रंजिश होने से इंकार किया है।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। अनुमान है कि पहले नरेश ने चाकू से प्रहार कर आत्महत्या का प्रयास किया होगा। बाद में गले में फंदा लगाकर पेड़ पर लटककर जान दी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीण मलिक सीओ बीसलपुर।