फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लुटेरों ने चेन लूटने को मारा झपट्टा तो बाइक से गिरी युवती घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। गांधी स्टेडियम रोड पर बाइक सवारों के चेन लूटने के इरादे से मारे गए झपट्टे पर युवती चलती बाइक से गिरकर घायल हो गई। शोर पर राहगीरों ने भाग रहे दोनों लुटेरों को पकड़ लिया, लेकिन एक आरोपी हाथ छुड़ाकर भाग गया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से मिली बाइक की जांच की गई तो वह चंद घंटे पहले नवाबगंज से चोरी की निकली। पीड़ित से तहरीर न मिलने के कारण अभी पुलिस ने कानूनी कार्रवाई नहीं की है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश जारी हैं।
विज्ञापन

सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के कृष्णलोक कॉलोनी निवासी डॉ.अंकुर अग्रवाल रविवार शाम को बाजार से काम निपटाकर बाइक से घर जा रहे थे। बाइक पर उनकी साली दीप्ति भी थीं। गांधी स्टेडियम रोड पर ड्रमंड कॉलेज गेट के पास पहुंचते ही पीछे से अपाचे बाइक से आए दो लुटेरों ने दीप्ति की सोने की चेन लूटने के लिए झपट्टा मारा। इसमें चेन तो हाथ नहीं लगी, लेकिन वह बाइक से गिर गई। इसमें उसको कुछ चोटें भी आईं। शोर पर राहगीरों ने पीछा कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। इस बीच एक आरोपी हाथ छुड़ाकर भाग गया। सूचना मिलने पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने प्रकरण की जानकारी जुटाई। पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आ गई। यहां पूछने पर आरोपी ने अपना नाम जितेंद्र बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से मिली बाइक की पड़ताल की तो एक और मामला उजागर हो गया। बाइक चोरी की निकली। रविवार दोपहर को नवाबगंज (बरेली) से बाइक चोरी की गई थी, इसके बाद आरोपी चोरी की बाइक से चेन लूटने शहर आए थे। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने फरार साथी के बारे में जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस उसकी धरपकड़ के प्रयास कर रही है। बाइक चोरी को लेकर नवाबगंज थाने में बहरुन नगला गांव निवासी भुवनेश गंगवार की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।

आरोपी जितेंद्र के पास से मिली बाइक चोरी की निकली है। उसका फरार साथी न्यूरिया थाने का शातिर हिस्ट्रीशीटर है। उसकी तलाश कराई जा रही है। पीड़ित पक्ष से अभी कोई तहरीर न मिलने के कारण कानूनी कार्रवाई नहीं हो सकी है। अगर तहरीर नहीं मिलती तो पुलिस अपने स्तर से चोरी की बाइक बरामद होने के आधार पर कार्रवाई करेगी।
विज्ञापन

- नरेश पाल सिंह, सुनगढ़ी थानाध्यक्ष

साहब ! बाजार में दिनदहाड़े हुई स्नैचिंग भूल गए क्या
मोहल्ला थान सिंह निवासी लेखपाल अनेंद्र शुक्ला की पत्नी महिला अनुदेशक रेनू शुक्ला की ग्यारह अगस्त को दिनदहाड़े चेन लूट ली गई थी। ये घटना रक्षाबंधन पर्व से पहले दोपहर में भीड़ के बीच मेन मार्केट में अंजाम दी गई। खास बात ये थी कि बाइक सवार लुटेरे घटना करने के बाद बांका लहराते हुए निकल गए थे। सुनगढ़ी थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। शुरुआत में पुलिस ने लुटेरों की धरपकड़ के लिए प्रयास किए, लेकिन जब पुलिस पता लगाने में कामयाब नहीं हो पाई तो हर बार की तरह घटना को संदिग्ध साबित करने पर जोर दिया जाने लगा। पहले लूटी गई चेन को लेकर सवाल उठाया गया, फिर वादी की कहानी पर। लुटेरों को पकड़ने में नाकाम पुलिस ने इतने सवाल-जवाब कर दिए कि मामला खुद ब खुद ठंडे बस्ते में चला गया। बाजार में घटना करने वाले लुटेरों का आज तक कोई सुराग नहीं लग सका है। फिलहाल अधिकारी सुरागरसी जारी होने की बात कहकर साख बचा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें