पीलीभीत। बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी के बाद कांशीराम कॉलोनी में एक परिवार की पिटाई कर दी गई। इसमें पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित ने एसपी से मामले की शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कांशीराम कॉलोनी निवासी तरन्नुम पत्नी अजीज ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि दस सितंबर की शाम चार बजे उनके बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इस बीच कॉलोनी के ही कुछ बच्चों से विवाद हो गया। शोर सुनकर वह बीच बचाव कराने पहुंची तो दूसरे पक्ष के यूनुस, हनीफ, मोहसिन, शाहीन , रेहान समेत कई लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। बीच बचाव कराने पर परिवार के ही मुसारिफ, ताविश, महजबी और टीटू की भी पिटाई कर दी। आरोप है कि मोबाइल भी लूट लिया। इसकी रात को ही थाने जाकर शिकायत की गई, लेकिन पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर टाल दिया, जबकि घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। बृहस्पतिवार को एसपी से शिकायत कर पीड़ित पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर, थाना पुलिस का कहना है कि मामले में एनसीआर दर्ज है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने पर उसी के आधार पर धाराएं तरमीम की जाएंगी।