पीलीभीत। आठ दिन से लापता मजदूर का शव देवहा फीडर नहर में उतराता मिला। शव क्षत विक्षत हालत में था। मौके पर पहुंचे परिजन ने कपड़े देख शिनाख्त की। उन्होंने हत्या करने के बाद शव नहर में फेंके जाने की आशंका जताई है। अमरिया पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
कस्बा अमरिया निवासी 25 वर्षीय बहारउद्दीन पुत्र शमशुद्दीन खां दो सितंबर की रात बिना बताए घर से निकल गए थे, जिसके बाद से वह लापता थे। तीन दिन बाद कस्बे का एक युवक बहारउद्दीन के कपड़े घर दे गया था। उसने बताया कि उसे बहारउद्दीन के कपड़े श्मशान स्थल के पास तालाब किनारे मिले थे। परिजन के तलाशने पर कुछ पता नहीं लगा तो आठ सितंबर को थाने में तहरीर दे दी थी। बुधवार सुबह कस्बे से करीब पांच किमी दूर देवहा फीडर नहर में युवक का शव उतराता लोगों ने देखा। सूचना मिलने पर पहुंची अमरिया पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। खबर मिलने पर परिजन भी पहुंच गए और कपड़े देखकर शिनाख्त की। इंस्पेक्टर अमरिया मनीराम सिंह ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।