बीसलपुर। मोहल्ला बख्तावरलाल में एक आइसक्रीम विक्रेता ने घरेलूू कलह से तंग आकर मंगलवार रात सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बा इंचार्ज मोहित कुमार ने बताया कि मोहल्ला बख्तावरलाल निवासी 32 वर्षीय राजकुमार भारती उर्फ राजा नगर में फेरी लगाकर आइसक्रीम बेचता था। उसका पत्नी से अक्सर झगड़ा होता रहता था। मंगलवार दोपहर में दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। घरेलू कलह से राजकुमार बेहद परेशान था। राजकुमार मंगलवार को करीब तीन बजे आइसक्रीम की ठेली लेकर घर से निकल गया, लेकिन फिर घर नहीं लौटा। घरवालों ने उसके मोबाइल पर कॉल की तो वह स्विच ऑफ था। बुधवार सुबह छह बजे मोहल्ले के कुछ लोगों ने पड़ोस में स्थित प्राइवेट स्कूल के पास उसका शव पड़ा देखा। कुछ ही देर में वहां भीड़ लग गई। राजकुमार के भाई सुनील की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से सल्फास की एक खाली और एक भरी डिब्बी बरामद की।