पीलीभीत। करीब दो माह पूर्व बरेली के युवक से लूटा गया मोबाइल सुनगढ़ी पुलिस ने बरामद कर लिया। दो आरोपी भी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी हाल ही में नवाबगंज (बरेली) के ईको कार मालिक की हत्या के मामले में जेल भेजे गए बदमाशों के साथी हैं।
इज्जतनगर (बरेली) के गांव नगरिया परीक्षित निवासी राज पुत्र माखनलाल पीलीभीत में प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह नकटादाना चौराहे के पास किराए के मकान में रहते हैं। 16 जुलाई की रात वह बरेली जाने के लिए नौगवां चौराहे से मारुति वैन में सवार हुए। रास्ते में कार सवार चार बदमाशों ने नशा सुंघाकर उनसे मोबाइल, चांदी की अंगूठी, 680 रुपये लूट लिए थे। इसकी अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी नरेशपाल सिंह ने बताया कि सर्विलांस की मदद से सुरागरसी की जा रही थी। बुधवार को आरोपी मोहल्ला सुनगढ़ी निवासी अंकित राठौर पुत्र जगदीश और राजीव कॉलोनी निवासी गुड्डू पुत्र रामबहादुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुड्डू के पास से लूटा हुआ मोबाइल बरामद हुआ है। इस घटना में इनके साथ राजीव कॉलोनी निवासी शिवम सक्सेना, गौहनिया निवासी अभिषेक भी थे। शिवम और अभिषेक हाल ही में हत्या के एक मामले में नवाबगंज पुलिस द्वारा जेल भेजे गए हैं। उक्त हत्याकांड में भी इन दोनों आरोपियों की संलिप्तता रही है। इस पर नवाबगंज पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। पकड़े गए आरोपियों का चालान कर दिया है।