पीलीभीत। सेहरामऊ उत्तरी थाने में तैनात एक सिपाही के गोली मारकर आत्महत्या करने के सोशल मीडिया पर वायरल हुए मेसेज को इंस्पेक्टर ने कोरी अफवाह बताया है। हालांकि इस मेसेज से पुलिस महकमे में अफरातफरी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि सिपाही कुछ दिन पहले सौंधा में बच्चा चोरी की अफवाह के दौरान ग्रामीणों के हमले में घायल हो गया था। उसका बरेली में इलाज चल रहा है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक मेसेज वायरल हुआ कि सेहरामऊ उत्तरी थाने में तैनात एक सिपाही ने छुट्टी रद्द कर घर से बुला लेने से क्षुब्ध होकर आत्महत्या कर ली है। इस मेसेज से सनसनी फैल गई। अफसर भी एक बार को घटना को सच मान बैठे। इधर, सेहरामऊ उत्तरी थाने के प्रभारी निरीक्षक खीम सिंह जलाल ने बताया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। जिस सिपाही के आत्महत्या करने का मेसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वह पिछले दिनों बच्चा चोरी की सूचना के दौरान ग्रामीणों के हमले में घायल हो गया था। उसका बरेली में इलाज चल रहा है। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है।