पीलीभीत। पुलिस की सख्ती और जागरूकता के तमाम प्रयास के बावजूद जिले में बच्चा चोर का शोर थम नहीं सका है। अफवाह के बीच खुराफात शुरू कर दी गई है। जिसका निशान बेकसूर बन रहे हैं। अब सुनगढ़ी, कोतवाली, गजरौला और बरखेड़ा क्षेत्र से चार अन्य मामले सामने आए हैं। जिनकी सूचना मिलने पर पुलिस गांवों की खाक छानकर परेशान होती रही। इधर, कोतवाली पुलिस ने अभाविप (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के जिला विस्तारक समेत 11 के खिलाफ अफवाह फैलाने, मारपीट करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी शिकंजा कसा है।
केस एक:
बीड़ी मांगने पर बना दिया बच्चा चोर, 11 पर रिपोर्ट
घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नावकूड़ से है। गुलड़िया (न्यूरिया) निवासी मोहम्मद नसीर ने बताया कि सोमवार रात वह नावकूड़ गांव होते हुए घर जा रहे थे। इस बीच रास्ते में एक व्यक्ति से बीड़ी मांगी। इस पर व्यक्ति ने बच्चा चोर कहकर शोर मचाया और भीड़ इकट्ठा कर ली और जमकर पीटा। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बचाया। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि मामले में नावकूड़ गांव निवासी ओमप्रकाश, इंद्रजीत, रामबाबू, दानवीर, सुरेंद्र कुमार, रामाधार, अवधेश लोधी, झंकार सिंह, अभाविप के जिला विस्तारक शिकोहाबाद (फिरोजाबाद) के गांव डड़िया नई निवासी विश्वेंद्र शर्मा, छोटी मार्केट निवासी विशेष शर्मा, मोहल्ला नई बस्ती के विशाल शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
अपहरण के शोर पर खंगाला खेत, मिला कुछ नहीं
कस्बा बरखेड़ा के वार्ड नंबर आठ के एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी दो बेटियों का चार नकाबपोश अपहरण करने की कोशिश कर रहे थे। इस पर यूपी 10 0 और बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक नजदीक के खेत को खंगाला लेकिन कोई नहीं मिला। इस पर पुलिस लौट आई। मामले को पुलिस अफवाह मान रही है।
रिश्तेदार में जा रहे पिकअप सवार को भीड़ ने बना दिया बच्चा चोर
गजरौला। हाफिजगंज (बरेली) के गांव अहमदाबाद निवासी अकील अहमद सोमवार रात को पिकअप से पूरनपुर रिश्तेदारी में जा रहे थे। पिकअप प्रदीप कुमार चला रहे थे। कस्बा गजरौला में पिकअप रुकी थी कि ग्रामीण बच्चा चोर की अफवाह को लेकर पहले से जमा थे। इस बीच अकील को भीड़ ने बच्चा चोर कहकर पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर नरेश कश्यप ने बताया कि अब तक की छानबीन में पूरा मामला गलत निकला है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा।
मानसिक मंदित को ग्रामीणों ने पकड़ा
सुनगढ़ी क्षेत्र के सड़ा गौटिया गांव में घूम रहे मानसिक मंदित युवक को सोमवार रात ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया। हालांकि यहां पर मानसिक मंदित से हाथापाई नहीं की गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल की। जिसके बाद मानसिक मंदित को छोड़ दिया गया।
बच्चा चोर की अफवाहों को लेकर पूर्व में ही अलर्ट जारी किया जा चुका है। सोशल साइट्स के माध्यम से भी लोगों को इसको लेकर जागरूक करने का लगातार प्रयास जारी है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। - धर्म सिंह मार्छाल, सीओ