फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाइक सवार लुटेरों ने महिला अनुदेशक की चेन लूटी

विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। बाइक सवार दो लुटेरों ने सरे बाजार एक महिला अनुदेशक के गले से सोने की चेन लूट ली। पीड़ित के शोर पर लोग जमा हुए इससे पहले लुटेरे गैस चौराहा की तरफ होकर भाग गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए लुटेरों की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन

शहर के मोहल्ला थान सिंह निवासी लेखपाल अनेंद्र शुक्ला ने बताया कि उनकी पत्नी रेनू शुक्ला शिक्षा विभाग में अनुदेशक हैं। रेनू रक्षाबंधन की खरीददारी करने के लिए रविवार को बाजार गई थीं। वहां से मोहल्ला गोपाल सिंह अपने मायके चली गईं। अपराह्न करीब ढाई बजे रेनू घर लौटने के लिए मेन मार्केट में लक्ष्मी टॉकीज के पास खड़ी सवारी का इंतजार कर रही थीं। तभी बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर रेनू के गले में पड़ी सोने की चेन लूट ली। लुटेरों को भागते देख रेनू ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के लोग जमा हुए। लोग पीछा करते इससे पहले लुटेरे गैस चौराहे की तरफ होकर भाग गए। फोन पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी सत्यप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम नरेश पाल सिंह मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने बाजार में दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। एक सीसी टीवी कैमरे के फुटेज में लुटेरों की तस्वीर मिली, लेकिन चेहरे साफ न दिखने से अभी पहचान नहीं हो सकी।

पुलिस को दी लुटेरों ने खुली चुनौती
पीलीभीत। सावन का आखिरी सोमवार, बकरीद और रक्षाबंधन को लेकर पुलिस को विशेष सतर्क रहने के निर्देश हैं। लुटेरों ने अनुदेशक रेनू की चेन लूटकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर पीछे बैठे लुटेरा हाथ थामें बांका लहरा रहा था। वारदात के बाद एसपी के आदेश पर दुपहिया वाहनों की चेकिंग के अभियान चलाया गया। मगर एसपी के आदेश को अधिकांश पुलिसकर्मियों ने हवा में उड़ा दिया। कई स्थानों पर दुपहिया वाहन चालक गुजरते रहे और पुलिस वाले खड़े देखते रहे।
विज्ञापन


व्यापार मंडल ने बुलाई आपात बैठक
पीलीभीत। बाजार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पुलिस लापरवाही पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई है। रविवार को हुई घटना के बाद व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष अफरोज जिलानी ने शाम को आपात बैठक बुलाई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से व्यापारी वर्ग के लिए खतरा है। बाजार में भीड़ के बीच लोग सुरक्षित नहीं है। इस सिलसिले में सोमवार को अधिकारियों से भी मुलाकात की जाएगी।

सीसी टीवी फुटेज चेक कराई जा रही है, ताकि स्नेचरों का सुराग मिल सके। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। - धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी

जहानाबाद में कारोबारी से चेन लूट
पीलीभीत। जहानाबाद थाना क्षेत्र में भी बाइक सवार लुटेरों ने दिनदहाड़े वारदात की। सितारगंज (उत्तराखंड) के जूनाभट्टी निवासी महेंद्रपाल रविवार को परिवार संग कार में पीलीभीत आए थे। दोपहर को यहां से लौटते समय रिछा तिराहे के पास महेंद्र पाल कार खड़ी करने के बाद नीचे उतरकर पानी पी रहे थे। तभी बाइक सवार आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन लूट ली और भाग गए। महेंद्रपाल ने करीब दो सौ मीटर की दूरी पर खड़ी यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। पुलिस वाले काफी देर तक लुटेरों को तलाशते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं लग सका। महेंद्रपाल घटना की तहरीर दिए बिना ही कार में बैठकर रवाना हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें