पीलीभीत। असम हाईवे पर मीरापुर गांव के पास मंगलवार की रात करीब दस बजे बाइक को टक्कर मारने के बाद कार पलट गई, जिससे बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि कार में बैठे तीन लोग घायल हो गए। बाद में कार सवार एक व्यक्ति ने बरेली इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इससे पहले हादसे के काफी देर बाद भी पुलिस और एंबुलेंस के न पहुंचने पर गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। यहां लोगों की अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में ग्रामीण मान गए। घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया है। बाइक चलाते वक्त हेलमेट पहने होने को लेकर कोई कुछ नहीं बता सका।
गजरौला थाना क्षेत्र के मानपुर हटुआ गांव निवासी मेढ़ई लाल का 22 वर्षीय पुत्र ईश्वरी प्रसाद मजदूरी करता था। मंगलवार रात को वह गांव के ही निवासी मुकेश को छोड़ने के लिए पीलीभीत आया था। यहां से अकेला बाइक से वापस घर के लिए निकला। असम हाईवे पर मीरापुर गांव के पास पहुंचते ही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार भी कुछ दूरी पर जाकर पलट गई। हादसे में ईश्वरी प्रसाद की मौत हो गई, जबकि कार सवार मानपुर हटुआ गांव निवासी शकील, यूसुफ और तैफुल घायल हो गए। बाद में तैफुल (32) की बरेली इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। इससे पहले ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस काफी देर तक मौके पर नहीं आई। यूपी 100 पर कॉल ही नहीं लग सकी। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम सदर वंदना त्रिवेदी, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, सीओ बीसलपुर प्रवीण मलिक कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। अफसरों से अधिकारियों की तीखी नोकझोंक हुई। हालांकि बाद में सीओ सिटी के आश्वासन पर भीड़ शांत हो गई, जिसके बाद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। हाईवे पर करीब आधा घंटे तक यातायात बाधित रहा। घायलों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया गया है।
दो माह बाद होनी थी शादी
मृतक ईश्वरी प्रसाद तीन भाइयों में छोटे अविवाहित थे। उनकी शादी गुडग़ांव की एक युवती से तय हो चुकी है। बरात दो माह बाद जानी थी। इसको लेेकर परिवार मेें खुशनुमा माहौल था। हादसे में उनकी मौत की खबर मिलने के बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
जैसे ही हादसे की खबर मिली, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। जाम लगाए ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसा दुखद है। परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।
- धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी