पूरनपुर। कार की चपेट में आकर स्कूटी सवार पूरनपुर देहात के मोहल्ला खानकाह निवासी चीनी मिल में केन गार्ड पद पर तैनात सिद्दीक अहमद (45) की मौत हो गई। उनका पुत्र तौल लिपिक साहिल (19) घायल हो गया। घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में लिया है।
घटना सोमवार शाम करीब छह बजे असम हाईवे पर चीनी मिल के समीप हुई। सिद्दीक और साहिल चीनी मिल गेट पर शाम छह बजे ड्यूटी पर जा रहे थे। सिद्दीक के दूसरे पुत्र शोएब ने बताया कि उसके पिता और भाई घटना से कुछ देर पहले ही चीनी मिल गेट पर ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। चीनी मिल के सामने खुटार की ओर से आ रही कार से उनके पिता की स्कूटी की टक्कर हो गई। घायल पिता-पुत्र को सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सक ने सिद्दीक अहमद को मृत घोषित कर दिया। साहिल के पैर और हाथ में चोट आई। चिकित्सक ने घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल पवन पांडेय ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। चीनी मिल के सीसीओ अमित चतुर्वेदी ने बताया कि साहिल और उनके पिता सिद्दीक चीनी मिल में आउट सोर्सिंग पर तैनात थे।