बीसलपुर। आधी रात के समय मकान में अचानक आग लग गई। तपिश का अहसास होते ही परिजन जाग गए। आग बुझाने के प्रयास में दंपती सहित तीन लोग झुलस गए। साथ ही घरेलू संपत्ति भी जलकर नष्ट हो गई। आग लगने की सूचना तहसील कार्यालय में दी गई है।
गांव नवदिया सितारगंज निवासी सर्वेश कुमार ने बताया कि उनके घर में रविवार को लगभग आधी रात के समय आग लग गई l आग की लपटों का अहसास होते ही परिजन जाग गए। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया। इस दौरान आग से 50 हजार की नकदी, अनाज, जेवर, कपड़े, बाइक और अन्य घरेलू सामान जल गया। आग बुझाने के प्रयास में सर्वेश कुमार, उनकी पत्नी राजेश्वरी देवी और भाई भगवानदास के सिर के बाल झुलस गए।
आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। परिजन सोमवार को सुबह तक आग बुझाते रहे। गृह स्वामी ने सोमवार को तहसील कार्यालय में आग लगने की सूचना दी है। गृह स्वामी के अनुसार आग से लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। संवाद