पूरनपुर। दहेज में बाइक और सोने की अंगूठी की मांग पूरी न होने पर गर्भवती पत्नी की पिटाई कर उसका पति मायके में छोड़ गया। पिटाई से युवती के गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। इसका खुलासा अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में हुआ। पुलिस ने युवती के पिता की ओर से दामाद सहित पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव बिलहरी निवासी रमेश चंद्र मिश्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें कहा कि अपनी पुत्री मधु की शादी आठ मई 2019 को शाहजहांपुर के थाना बंडा के गांव पिपरिया घासी निवासी सुधीर कुमार शुक्ला से की थी। मधु के दो पुत्र हैं। आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज में बाइक और सोने की अंगूठी की मांग की। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी गर्भवती पुत्री की पिटाई कर उसका पति सुधीर मायके में छोड़ गया। प्रसव को पीलीभीत के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। अल्ट्रासाउंड कराने पर पता चला कि गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई है। इसकी जानकारी उसने मोबाइल पर सुधीर को दी। इसके बाद सुधीर ने मधु को देखने आने को मना कर दिया। कोतवाल पवन कुमार पांडेय ने बताया कि रमेश चंद्र मिश्रा की ओर से मधु के पति सुधीर कुमार शुक्ला, सास राजेश्वरी देवी, ससुर ओमप्रकाश, ननद वर्षा, क्रांति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। संवाद