पूरनपुर। बाघ की निगरानी को टीम लगी रही। इस बीच बाघ ने बृहस्पतिवार रात भगवंतापुर रोड पर गांव मुझा के समीप छुट्टा बछड़े और गांव गुलड़हा के पास सांड़ को मार डाला। अब बाघ की लोकेशन जानने को गांव मुझा के समीप तीन कैमरे लगाए हैं। बाघ की चहल कदमी से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। साथ ही बाघ को जंगल में न खदेड़े जाने को लेकर लोगों में रोष है।
जंगल किनारे खेत की रखवाली कर रहे गांव पताबोझी के किसान छोटेलाल को बाघ ने 11 नवंबर को मार डाला था। इस घटना के बाद बाघ को जंगल के अंदर खदेड़ने के लिए हाथी बुलाए। इसके बाद भी क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी नहीं थम रही है। बाघ की निगरानी को टीम लगाई है। बाघ ने बृहस्पतिवार रात को भगवंतापुर रोड पर गांव मुझा के समीप छुट्टा बछड़े को मार दिया। इससे एक दिन पहले बाघ ने गांव गुलड़हा के समीप सांड़ को मारकर उसका कुछ हिस्सा खा लिया। सूचना पर पहुंची सामाजिक वानिकी की टीम ने बछड़े के शव को दफन कराया।
सामाजिक वानिकी के रेंजर सरवन लाल ने बताया कि बाघ की लगातार निगरानी कराई जा रही है। गांव पताबोझी के समीप जिस स्थान पर बाघ ने बछड़े को मारा है, उसके आसपास तीन कैमरे लगवाए गए हैं। ताकि बाघ की सटीक लोकेशन मिलने पर उसे जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश की जा सके।