पूरनपुर में शिक्षक के घर हुई चोरी पर जांच को पहुंची पुलिस स्रोत : स्वयं
पूरनपुर। बंद घर में दीवार फांदकर घुसे चोरों ने चैनल, कमरों के ताले तोड़कर दो शिक्षकों के कमरों से चार तोला सोने के जेवर और 45 हजार रुपये की चोरी कर ली। दीपावली की छुट्टी के बाद लौटे गृहस्वामी को चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शिक्षक से चोरी की जानकारी ली।
नगर के सिरसा रोड स्थित शिव कॉलोनी निवासी कौशल देव ने बताया कि उनकी तैनाती घुंघचाई थाना के गांव अजीतपुर बिल्हा के कंपोजिट स्कूल में सहायक शिक्षक पद पर है। कॉलोनी स्थित घर में बच्चों के साथ रहते हैं। इसके अलावा उनके घर में केशोपुर के प्राथमिक स्कूल में तैनात शिक्षक अजय कुमार किराए पर रहते हैं। दीपावली पर परिवार के साथ 19 अक्तूबर को पैतृक घर गया था। शिक्षक अजय 18 अक्तूबर को परिवार के साथ अपने गांव नवदिया मुजफ्ता गए थे। इस दौरान बंद घर में दीवार फांदकर घुसे चोरों ने चैनल और कमरे का ताला तोड़कर उनके कमरे से दो तोला सोने के जेवर और 20 हजार की नकदी, शिक्षक अजय कुमार के कमरे का ताला तोड़कर दो तोला सोने के जेवर और 25 हजार की नकदी चोरी कर ली। शनिवार को सुबह घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई।