पीलीभीत में एक युवती ने सुनगढ़ी थाने में सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि सिपाही ने शादी का झांसा देकर आठ वर्ष तक उसका यौन शोषण किया। गर्भपात कराया। जान से मारने की कोशिश की।
पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने डायल 112 में तैनात सिपाही पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने, गर्भपात कराने और दहेज की मांग करने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी थाने में सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन
सुनगढ़ी थाने में दर्ज रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि वह और अमरोहा जिले के ग्राम फतेहउल्लापुर निवासी मनदीप सिंह पिछले आठ साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। आरोपी मनदीप सिंह फिलहाल अमरिया क्षेत्र में डायल 112 पर कांस्टेबल के पद पर तैनात है। युवती का कहना है कि मनदीप शादी का वादा करता रहा लेकिन वह हर बार बात टाल देता था।
शादी के बदले मांगे 10 लाख रुपये
वर्ष 2020 में युवती गर्भवती हुई तो आरोपी ने चाय में बेहोशी की दवा मिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। बाद में शादी का आश्वासन देकर समझौता कर लिया। इसके बाद भी आरोपी लगातार उसका यौन शोषण करता रहा और शादी के बदले दस लाख रुपये दहेज की मांग करने लगा।
आरोप है कि बीते चार सितंबर को मनदीप सिंह ने शादी का झांसा देकर युवती को अमरिया बुलाया और यौन शोषण किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इंस्पेक्टर नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।