बीसलपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक ने रविवार को गांव रसिया खानपुर में सक्रिय छह अपंजीकृत डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। ये डॉक्टर वहां बुखार पीड़ितों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे थे।
गांव रसिया खानपुर में पिछले दिनों तेज बुखार से चार लोगों की मौत हो गई थी। दो सौ से अधिक लोग बुखार की चपेट में आ गए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार को अपनी टीम के साथ इस गांव में कई बार जाना पड़ा। गांव के दौरे में विभाग की टीम को यह पता चला कि छह अपंजीकृत डॉक्टर काफी समय से वहां सक्रिय हैं।
ये अपंजीकृत डॉक्टर अपने क्लीनिक में अवैध रूप से लैब भी चला रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम को जांच में पता चला कि इन्हीं के गलत उपचार से चार लोगों की मौत हुई।
मृतकों और बीमार लोगों के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को बताया कि इन्हीं डॉक्टरों के यहां उन लोगों ने अपने मरीजों का उपचार कराया था। हालत बिगड़ने पर बरेली ले गए थे। हालत बिगड़ने पर ये काफी सतर्क रहने लगे थे।
गांव में किसी अधिकारी के आते ही ये अपने क्लीनिक बंद कर भाग जाते। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन सभी की कई दिनों से निगरानी कर रही थी लेकिन ये हत्थे नहीं लग पाए।
शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम को पता चला कि सभी अपंजीकृत डॉक्टर अपनी क्लीनिक पर बैठे हुए हैं। इस पर अधीक्षक अपनी टीम के साथ निरीक्षण करने गए। विभाग की टीम देखकर सभी अपने क्लीनिक बंद कर भाग गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके क्लीनिक के फोटो ले लिए।
इसके बाद अधीक्षक ने कोतवाली में इन सभी के खिलाफ नामजद तहरीर दे दी। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि अधीक्षक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इसमें बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर निवासी जावेद, कोतवाली क्षेत्र के गांव रढ़ैता निवासी जुल्फिकार, मुईन अहमद, गांव रसिया खानपुर निवासी मंसूर, उमम और यासीन को नामजद किया है।