किसान यूनियन के कार्यकर्ता जिलाअधिकारी संबोधित ज्ञापन मंडी सचिव को सौपते हुए। संवाद
बिलसंडा। किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रविवार को दूसरे जिले से लाए गए धान के 10 ट्रॉलों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंचे मंडी सचिव और थाना पुलिस ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। किसानों और कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। बाद में मंडी सचिव पकड़े गए ट्रॉलों को बीसलपुर मंडी ले गए। किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं ने डीएम को संबोधित ज्ञापन मंडी समिति के सचिव को सौंपा और कार्रवाई की मांग की।
किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बताया कि पिछले कई दिन से लगातार गैर जनपद से बड़ी मात्रा में धान से भरे ट्रॉला राइस मिलों पर पहुंच रहे हैं। वहां बाहरी धान की बिक्री हो रही है। इसी वजह से क्षेत्र के किसानों का धान राइस मिल वाले कम दाम पर खरीद रहे हैं। कुछ धान खरीदने से ही मना कर देते हैं।
इसी को लेकर रविवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन और भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के कार्यकर्ताओं ने सुबह दूसरे जनपद की ओर से आ रहे धान से भरे ट्रॉलों को गांव बमरौली के एक पेट्रोल पंप के समीप रोक लिया। ट्रॉलों के रोकने की सूचना मंडी सचिव को दी गई। मौके पर मंडी सचिव नाजिम और करेली एसओ मय फोर्स पहुंचे।
कार्यकर्ताओं से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया। इसी बीच किसानों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। मंडी सचिव ने ट्रॉला चालकों के बयान दर्ज किए। इसके बाद किसान शांत हुए। किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी संबोधित ज्ञापन मंडी सचिव को देकर कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद मंडी सचिव सभी ट्रॉले मंडी बीसलपुर ले गए। मंडी सचिव के अनुसार, मौके से 10 ट्रॉला धान पकड़ा गया है।
यह धान दूसरे जिले से लाया गया था। उनके कागजात की जांच की गई है। सभी ट्रॉलों को बीसलपुर मंडी ले जाकर कार्रवाई की जाएगी।