पूरनपुर। गलत इलाज से भैंस का बच्चा गिरने की शिकायत पर पशुपालक को डंडा लेकर हड़काने के मामले में जांच डिप्टी सीवीओ सदर डॉ. बृजेश गौतम को सौंपी गई है। जांच के बाद अगली कार्रवाई होगी। पशुपालक ने रविवार को डीएम को पत्र भेजकर कार्रवाई कराने की मांग की।
घटना बृहस्पतिवार को गांव जोगराजपुर की है। पशु चिकित्सालय गांव मढ़ा खुर्द कलां में है। पशुपालक गांव बबरौआ निवासी सुरेश चंद्र ने कहा कि उसकी गाभिन भैंस बीमार हो गई थी। पशु चिकित्सक को फोन करने पर उन्होंने प्राइवेट युवक को भैंस का इलाज करने के लिए भेज दिया। आरोप है कि गलत इलाज से भैंस का बच्चा गिर गया। इसकी शिकायत गांव के कुछ लोगों के साथ करने पशु चिकित्सालय पहुंचा। वहां पर पशु चिकित्सक ने अभद्रता कर डंडा दिखाकर धमकाया। सुरेश के साथी ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। सुरेश ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पशु चिकित्सक डॉ. राजकुमार वर्मा ने आरोपों को निराधार बताते हुए बताया कि सुरेश के कहने पर पशु मित्र नीरज को इलाज के लिए भेजा था। पशु पालक ने अगले दिन अस्पताल पहुंचकर गालीगलौज की। सुरेश को डंडा लेकर दौड़ाया नहीं गया। परिसर में बंदरों को भगाने को डंडा निकालकर लाया था। इस दौरान सुरेश सामने आ गया था। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पीके त्यागी ने बताया कि मामले की जांच डिप्टी सीवीओ सदर बृजेश गौतम को सौंपी गई है।