बदनाम स्वीटस पर ऑनलाइन जांच करते डीसी अनिरूद्ध सिंह। संवाद
पीलीभीत। शहर के आसाम चौराहे पर मिठाई एवं रेस्टोरेंट कारोबारी की दुकान पर जीएसटी (वस्तु एवं सेवाकर) एसआईबी की टीम ने कर चोरी की शिकायत पर छापा मारा। जांच के दौरान टीम ने एक वर्ष में 1.55 करोड़ की बिक्री पर 16.50 लाख की कर चोरी पकड़ी। टीम के अनुसार मिष्ठान व्यापारी ने खुले खाद्य सामग्रियों की बिक्री पर आईटीसी दिखाकर कर चोरी को अंजाम दिया। उपायुक्त जीएसटी का कहना है कि कार्रवाई अधिकारियों की शिकायत के आधार पर की गई है।
जिले में इन दिनों बड़ा व्यापार करके कर चोरी करने वालों पर जीएसटी एसआईबी शिकंजा कस रही है। शनिवार को शहर के आसाम चौराहे पर बदनाम स्वीट्स पर दोपहर लगभग तीन बजे जीएसटी एसआईबी के उपायुक्त अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में टीम ने प्रतिष्ठान पर छापा मारा। काफी देर ऑनलाइन दस्तावेज खंगालने के बाद 2024-25 में कुल बिक्री 1.55 करोड़ पर कुल कर 50 हजार रुपये मात्र पाया गया। जबकि उपायुक्त अनिरुद्ध के अनुसार एक वर्ष में प्रतिष्ठान की ओर से 2024-25 में 16.50 लाख की कर चोरी हुई। उपायुक्त अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि प्रतिष्ठान पर उत्तराखंड के कुछ अधिकारियों ने जलपान किया था, जिनको पक्का बिल नहीं दिया। उक्त शिकायत विभाग को अधिकारियों ने दी थी। इसके आधार पर कार्रवाई हुई। हालांकि टीम देर रात शाम तक 2025-26 की कर चोरी के दस्तावेज आकलन करती रही। यूनिट की टीम में सहायक कमिश्नर वेद प्रकाश, सीटीओ ताराचंद आदि शामिल रहे। प्रतिष्ठान पर छापा मारने के दौरान एक व्यापार के पदाधिकारी भी एकत्र हुए, हालांकि उनकी ओर से अधिकारियों के कार्य में कोई हस्तक्षेप नहीं हुआ।