पीलीभीत। ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कोतवाली पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एक दिन पूर्व बिना जानकारी दिए अपने ही पिता के रुपये का ठगी में प्रयोग करने के आरोपी पुत्र समेत तीन आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को भी मंगलवार को पकड़ लिया। इनमें एक किशोर शामिल है। पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया और किशोर को सुधार गृह भेज दिया।
मामले में कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पकड़िया निवासी अजय कुमार ने पुत्र पर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी फर्जी यूपीआई आईडी बनाकर 6.41 लाख रुपये ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए ठगी करने में प्रयोग करने और घर में रखी सोने की एक अंगूठी चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो ठगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदु सामने आए। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटीं थीं। पुलिस ने सोमवार को पीड़ित के आरोपी पुत्र मोहल्ला पकड़िया निवासी विशेष कुमार, मोहल्ला सरफराज खां निवासी आजम और नौगवां पकड़िया निवासी अरबाज को अमरिया बस अड्डे के पास से पकड़ लिया था।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने पांच बैंक पासबुक, दो चेकबुक, तीन मोबाइल फोन, पांच आधार कार्ड, पांच पैन कार्ड, 12 एटीएम कार्ड और एक अंगूठी बरामद की थी। पूछताछ में आरोपियों ने गुड्डू उर्फ आशिक निवासी ग्राम उमरिया सैदुर, थाना कैंट, जिला बरेली और इसी क्षेत्र के एक किशोर के नाम उजागर किए थे, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
मंगलवार को मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस के समीप से गुड्डू उर्फ आशिक और किशोर को पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि फरार दो अन्य आरोपियों को पकड़ लिया है। दोनों कोर्ट में पेश किया है। मामले में अब तक पांच आरोपियों को पकड़ लिया है।