पूरनपुर। गांव सिमरिया ताल्लुके महाराजपुर निवासी बहार अहमद ने प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर आत्महत्या की थी। बहार अहमद के भाई निसार अहमद की ओर से पुलिस ने शाहजहांपुर के थाना पुवायां के वालेमऊ निवासी सोनू और उसके रिश्तेदार घुंघचाई थाना के गांव गुलड़िया भूपसिंह निवासी शब्बीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव सिमरिया ताल्लुके महाराजपुर के मोहल्ला सूफीनगर निवासी बहार अली 29 दिसंबर की दोपहर परिजनों को कुछ देर में आने की जानकारी देकर घर से निकला था। अगले दिन गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर राजीवनगर-चीनी मिल मार्ग के समीप आम के पेड़ से उसका शव लटका मिला था। बहार अली के परिजन शुरूआत से ही उसकी हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे थे। उनका कहना था कि सोनू ने उसे फोन कर बुलाया था। इसके तीन घंटे बाद उसके मोबाइल पर संपर्क करने पर मोबाइल बंद आया। पुलिस ने बहार अहमद के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत लटकने से होना पाई गई।
पुलिस ने अब बहार अहमद के भाई निसार अहमद की ओर से शाहजहांपुर के थाना पुवायां के वालेमऊ निवासी सोनू और उसके फूफा घुंघचाई थाना के गांव गुलड़िया भूपसिंह निवासी शब्बीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। निसार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि सोनू के बुलाने पर उसका भाई उससे मिलने उसके भगवंतापुर चुंगी के समीप बन रहे मकान पर गया था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। आरोप है कि सोनू और उसके फूफा की प्रताड़ना पर उसके भाई ने आत्महत्या कर ली। इसका ऑडियो क्लिप उसके पास है। दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि एक दिन पहले सोनू ने उससे मोबाइल पर बात कर बहार के सुबह तक मिल जाने और उसे कुंडा पुल तक छोड़ने की जानकारी दी थी। घटना के बाद से सोनू परिवार के साथ घर से फरार है।