पीलीभीत। जमीन पर अवैध कब्जे और संगठित रूप से आर्थिक अपराधों को अंजाम देने के मामलों में कोतवाली पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। जिला मजिस्ट्रेट के अनुमोदन के बाद शहर कोतवाल ने पिंक सिटी कॉलोनी से जुड़े 10 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों पर पहले से दर्ज आपराधिक मामलों के आधार पर यह कार्रवाई हुई है।
कोतवाल सत्येंद्र कुमार की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार पिंक सिटी कॉलोनी निवासी अहमद नबी, हनीफ, एजाज, परवेज मलिक, बाबू उर्फ अरशद, मोहम्मद फारूक, मोहम्मद यूसुफ, यूनुस, इमाम शमशुल और अकील अहमद एक संगठित गिरोह बनाकर आर्थिक लाभ के उद्देश्य से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ जमीन पर अवैध कब्जा करने, विरोध करने पर विवाद और बवाल जैसी घटनाओं के मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मार्च 2024 में भी पिंक सिटी कॉलोनी में जमीन पर कब्जे के एक मामले के अलावा नकटादाना चौराहे पर हुए बवाल के मामले में आरोपियों के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गईं थीं। इनमें से एक रिपोर्ट सिविल लाइन पुलिस चौकी प्रभारी प्रीतम सिंह ने दर्ज कराई थी। इसमें बाद में आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है। लगातार आपराधिक गतिविधियों और गिरोहबद्ध तरीके से अपराध करने के साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट को भेजी थी। डीएम से अनुमोदन मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले की विवेचना सुनगढ़ी इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।