न्यूरिया। सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं और युवतियों के साथ अश्लील फब्तियां कसना युवक को भारी पड़ गया। गश्त के दौरान पुलिस ने हरकतें देख आरोपी को पकड़ लिया। एसआई की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
थाना न्यूरिया में तैनात उपनिरीक्षक हरवीर सिंह ने थाना न्यूरिया में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 26 दिसंबर को वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इस दौरान जब पुलिस टीम ग्राम सैदपुर स्थित आईटीआई कॉलेज के समीप पहुंची तो वहां मौजूद एक युवक कॉलेज परिसर और सड़क से गुजर रही युवतियों और महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कस रहा था। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सौरभ कुमार निवासी छत्रपति शिवाजी कॉलोनी थाना सुनगढ़ी बताया। आरोपी की हरकतों से मौके पर मौजूद महिलाओं में गुस्से का माहौल बन गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ और अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी सुभाष मावी ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नियमित गश्त और निगरानी पर जोर दिया जा रहा है।