माधोटांडा। युवती को बंधक बनाकर धर्मांतरण और यौन शोषण के आरोप में जेल गए शिक्षक की करतूतों की तह तक जाने के लिए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया है। पता चला है कि आरोपी का एक लैपटॉप और टेबलेट भी है, जो घटना के अहम पहलुओं तक पहुंचने में पुलिस के मददगार बन सकते हैं। उपकरणोंं को कब्जे में लेने के लिए पुलिस आरोपी के घर पहुंची लेकिन परिजनों के न होने से टीम को सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस के प्रयास जारी हैं।
पूरनपुर नगर के एक निजी स्कूल में शिक्षक पद पर तैनात सेहरामऊ उत्तरी के बिचपुरी गांव निवासी दिल नवाज की करतूत दो दिन पूर्व उजागर हुई थी। आरोपी पर माधोटांडा क्षेत्र की एक युवती का ब्रेन वॉश कर लंबे समय तक शोषण करने, धर्मांतरण और बंधक बनाने के आरोप लगे हैं। मामला उस समय उजागर हुआ, जब 16 दिसंबर को युवती को ले जाकर पूरनपुर नगर के एक मकान के कमरे में बंधक बनाया गया। चार दिन तक बंधक बनी युवती आरोपी शिक्षक के शोषण से परेशान होकर खुद ही थाने पहुंची और पुलिस को घटना के बारे में बताया। पुलिस ने आरोपी को धर्मांतरण, दुष्कर्म, बंधक बनाने समेत अन्य आरोपों में जेल भेजा है। घटना को लेकर पुलिस गंभीरता दिखा रही है। घटना की तह जानने के लिए पुलिस आरोपी के मोबाइल समेत अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच में सामने आया कि आरोपी एक लैपटॉप व टेबलेट का इस्तेमाल भी करता था। पुलिस ने दोनों उपकरणों की तलाश शुरू की। इसके बाद पुलिस की एक टीम बृहस्पतिवार को आरोपी के घर भी पहुंची लेकिन वहां परिजन घर से गायब मिले।
थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह का कहना है कि जांच में सामने आया कि आरोपी का लैपटॉप और एक टेबलेट भी है। इनका वह प्रयोग करता था। दोनों को जांच के दायरे में शामिल किया जाएगा। इसके लिए टीम आरोपी के घर भी पहुंची थी। जल्द ही दोनों उपकरण कब्जे में लिए जाएंगे।