माधोटांडा। परिजनों से नाराज होकर घर से लापता हुए युवक का तीसरे दिन माधोटांडा क्षेत्र के कलीनगर नहर पटरी के पास शव पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची माधोटांडा पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव के पास ही पड़ी बोतल के पानी में विषाक्त पदार्थ मिला हुआ पाया गया। जांच में सामने आया कि युवक चोरी के आरोप में परिजनों के डांटने से नाराज होकर घर से निकला था। आहत होकर उसने यह कदम उठा लिया।
माधोटांडा क्षेत्र के सबलपुर गांव निवासी अमन (24) पुत्र दयाशंकर परिजनों के साथ खेती-किसानी का कार्य करता था। पुलिस के अनुसार दो दिन पूर्व चोरी के आरोप में चाचा ने अमन को डांट दिया था। इससे नाराज होकर वह घर से निकलकर लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश भी कर रहे थे। बुधवार को माधोटांडा- कलीनगर मार्ग पर कलीनगर मोड़ पर नहर पटरी के निकट वह मृत अवस्था में मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची, शिनाख्त के बाद परिजन भी वहां पहुंच गए। थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि युवक पर उसके चाचा ने चोरी का आरोप लगाकर डांट दिया था। इससे वह नाराज होकर निकला था। उसकी जेब से विषाक्त पदार्थ के दो खाली पाउच मिले। जबकि पास में ही एक पानी की बोतल पड़ी मिली। उसमें भी विषाक्त पदार्थ मिला हुआ था। एक लीटर पानी में अधिकांश खाली था। अंदेशा है कि आहत में आकर युवक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। शरीर पर कहीं कोई चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों की ओर से भी कोई आरोप नहीं लगाए गए हैं।