पीलीभीत। साइबर ठगों ने खुद को एसबीआई कस्टमर केयर का कर्मचारी बताकर खाताधारक से 99 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। योनो एप डाउनलोड कराने के बहाने बैंक डिटेल हासिल कर रकम उड़ाई। पीड़ित की तहरीर पर थाना सुनगढ़ी पुलिस ने ठगी और आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के राजा बाग कॉलोनी निवासी जगत नारायण मिश्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 26 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एसबीआई कस्टमर केयर से जुड़ा कर्मचारी बताते हुए उनके मोबाइल में एसबीआई योनो ऐप लागू कराने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद उक्त व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर एक एप का लिंक भेजा। इसे उन्होंने डाउनलोड कर लिया। एप के माध्यम से उनसे बैंक से संबंधित जानकारी भरवाई गई। इसे उन्होंने अनजाने में साझा कर दिया। अगले दिन 27 नवंबर को जब उन्होंने अपने पुत्र कपिल मिश्रा को चेक देकर बैंक से रुपये निकालने को भेजा, तब पता चला कि 26 नवंबर को ही तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से 99 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। पीड़ित ने तत्काल इसकी शिकायत संबंधित पोर्टल पर दर्ज कराई। इसके बाद साढ़े तीन हजार रुपये की राशि होल्ड कर दी गई, जबकि शेष धनराशि अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम से निकाल ली।
मामले में थाना सुनगढ़ी पुलिस ने तहरीर के आधार पर ठगी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। इसके साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि किसी भी अंजान कॉल और लिंक के झांसे में आकर अपनी बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।