पीलीभीत। थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में एक महिला से प्रेम-विवाह कर दहेज की मांग करने और फिर दूसरी शादी रचाने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पीड़िता ने सुनगढ़ी थाने में पति समेत कई ससुरालियों पर बंधक बनाकर मारपीट और धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
ग्राम दहगला निवासी सीमा खातून ने कोर्ट के आदेश पर थाना सुनगढ़ी में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि वह दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करती थी। यहां गांव का ही विकास राठौर भी कार्यरत था। इसी दौरान आरोपी ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और 15 जनवरी 2024 को पीलीभीत शहर स्थित एक मंदिर में अपने धर्म के अनुसार विवाह कर लिया। इसके बाद कचहरी से वैवाहिक घोषणा प्रमाणपत्र बनवाकर उसे भी एक प्रति दी। दोनों कुछ समय तक पति-पत्नी के रूप में साथ रहे। आरोप है कि कुछ समय बाद विकास राठौर, उसका भाई देवपाल और माता-पिता दो लाख रुपये व अन्य सामान की अतिरिक्त दहेज में मांग करने लगे। दबाव में आकर उसने दो लाख रुपये दे भी दिए।
इसके बाद आरोपी पति उसे छोड़कर विदेश चला गया। आठ सितंबर 2025 को उसे पता चला कि उसका पति न्यूरिया थाने के ग्राम पिपरिया अगरू की एक युवती से दूसरी शादी करने जा रहा है। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जब वह वापस अपने घर पहुंची तो वहां उस युवती को पत्नी के रूप में मौजूद पाया। विरोध करने पर ससुराल पक्ष के विशाल, देवपाल, छेदालाल, रचना और संतोषी ने उसे बंधक बनाकर पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इंंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी है। संवाद