न्यूरिया। थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ हुई। विरोध करने पर आरोपी ने कुल्हाड़ी से उसके ऊपर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गई। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
न्यूरिया क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का राजेश कुमार पुत्र श्यामलाल पिछले एक वर्ष से उसका पीछा कर रहा था और अक्सर रास्ता रोककर छेड़छाड़ करता था। महिला ने बताया कि उसका पति मजदूरी के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है। इसका आरोपी फायदा उठाता था। आरोप है कि 20 नवंबर की रात करीब 11 बजे राजेश कुमार कुल्हाड़ी लेकर उसके घर में घुस आया और छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकतें करने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गई। शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य जाग गए। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। थाना प्रभारी सुभाष कुमार मावी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।