पीलीभीत। ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्याें किए गए भ्रष्टाचार की शिकायत के मामले में डीएम ने दो सदस्यीय टीम को जांच सौंपी है। ग्रामीणों ने कुछ समय पूर्व मामले की शिकायत डीएम से कर कार्रवाई की मांग की है। डीएम ने जांच कमेटी को निर्देश जारी किए हैं कि 15 दिनों के भीतर मामले की जांच कर आख्या उपलब्ध करानी है।
ब्लॉक पूरनपुर क्षेत्र की तहसील कलीनगर के गांव आनंदपुर भगवंतापुर निवासी कांशीराम, राकेश कुमार, रामंचद्र, दिलेराम, मनोज कुमार आदि ने डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को शिकायती पत्र दिया। आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में विकास कार्याें के लिए आए रुपयों का प्रधान सतीश गिरी और सचिव विजय कुमार ने दुरुपयोग किया है। शासन की ओर से दी जाने वाली योजनाओं का क्रियान्वयन भी सही तरीके से नहीं किया है। इसका ग्रामीणों को अपेक्षित लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। मामले की शिकायत डीएम से होने पर डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन किया है। इसमें कृषि विभाग के भूमि संरक्षण अधिकारी और शारदा सागर खंड के सहायक अभियंता को नामित किया है। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि टीम 15 दिनों के भीतर जांच आख्या उपलब्ध कराए। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि मामले की शिकायत डीएम से की गई थी। इसमें जांच टीम गठित की गई है।