गजरौला। थाना क्षेत्र के ग्राम माला नदी स्थित सिद्ध बाबा मंदिर पर लगे भव्य भक्सी मेले में बुधवार को बड़ा हादसा बच गया। प्रसाद चढ़ाने आई एक छह वर्षीय बच्ची अचानक मंदिर परिसर के पास स्थित कुएं में गिर गई। बच्ची को डूबता देख गांव पिड़रा निवासी एक युवक ने बिना देर किए कुएं में छलांग लगाकर उसकी जान बचा ली।
गंगा दशहरा के अवसर पर लगे मेले में मुसरहा गांव निवासी पीतम राम की छह वर्षीय पुत्री जसोदा अपनी मां लक्ष्मी देवी के साथ प्रसाद चढ़ाने मंदिर गई थी। इस दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में जा गिरी। बच्ची को डूबता देख श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई। उसी समय मौके पर मौजूद गांव पिड़रा निवासी बबलू पुत्र रामपाल ने साहस दिखाते हुए तुरंत कुएं में छलांग लगा दी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने रस्सी और पाइप की मदद से बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्ची को सकुशल देखकर उपस्थित लोगों ने राहत की सांस ली और मां गंगा के जयघोष से पूरा मेला परिसर गूंज उठा। स्थानीय लोगों ने बबलू की बहादुरी और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि उसकी सूझबूझ और हिम्मत से एक मासूम की जान बच गई।