पीलीभीत। सदर कोतवाली क्षेत्र के सराफा बाजार में सोमवार दोपहर उस समय खलबली मच गई जब एक महिला ने एक युवक पर जेवर लेकर भागने का आरोप लगाकर शोर मचा दिया। लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। जांच में पता चला कि वह युवक महिला का ही पति है।
घटना दोपहर करीब दो बजे की है। एक महिला स्कूटी से सराफा बाजार पहुंची और थोड़ी दूर आगे बढ़ी ही थी कि उसने बाइक सवार युवक को देखकर शोर मचा दिया। महिला चिल्लाई कि युवक उसके जेवर लेकर भाग रहा है। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर महिला के साथ युवक के पीछे दौड़ पड़े और लाल रोड पर उसे पकड़ लिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में स्पष्ट हुआ कि भागने वाला युवक महिला का पति है। दोनों लंबे समय से अलग रह रहे हैं। पुलिस के अनुसार युवक महिला के जेवर बेचने के लिए एक सुनार की दुकान पर आया था। इसकी जानकारी महिला को लग गई और वह भी वहां पहुंच गई। महिला को देखकर युवक वहां से चला गया। इससे लोगों को गलतफहमी हो गई कि वह जेवर लेकर भाग रहा है।
सूचना पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और कोतवाल सत्येंद्र कुमार भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को कोतवाली लाकर पूछताछ की गई। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि महिला के शोर मचाने से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। दोनों को समझाकर शांत कर दिया। घटना के बाद सराफा बाजार में कुछ देर अफरातफरी का माहौल रहा।