अमरिया। थाना क्षेत्र के ग्राम मुडलिया गौसू में खेत की मेड़ को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पड़ोसी पिता-पुत्र ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे बंधक बनाकर पीटा। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम मुडलिया गौसू निवासी लखविंदर सिंह ने अमरिया थाने में दी तहरीर में बताया कि उसका पड़ोसी कश्मीर सिंह से खेत की मेड़ को लेकर विवाद चल रहा है। 22 अक्तूबर की दोपहर करीब तीन बजे कश्मीर सिंह उसके पास आया और गालीगलौज करने लगा। उसने विरोध किया तो कश्मीर सिंह का पुत्र अवतार सिंह उर्फ लाडी भी वहां पहुंच गया। दोनों ने मिलकर धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि दोनों हमलावर उसे खींचकर अपने घर ले गए और बंधक बनाकर पीटा। उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे छुड़ाया। आरोपियों ने ग्रामीणों के सामने ही जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।