जहानाबाद। घर से गेहूं पिसवाने की बात कहकर निकले थाना जहानाबाद के गांव बिंदुआ निवासी वृंदावन (50) पुत्र छोटे लाल का शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर नाले में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर थाने के बाहर हंगामा किया। काफी समझाने के बाद परिजन माने और घर गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम बिंदुआ निवासी वृंदावन सोमवार को घर से गेहूं पिसवाने के लिए निकला था। देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात परिजन खोजते रहे लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह वृंदावन का शव गांव के ही एक नाले में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में मामले ने तूल पकड़ लिया। मृतक के परिजन कार्रवाई की मांग के लिए कोतवाली पहुंचे और गेट के पास हंगामा किया। परिजनों ने वृंदावन की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान पुलिस की ओर से एक युवक को खींचने का वीडियो भी वायरल हुआ है। मृतक के सात बच्चे हैं जिनमें पांच बेटियां और दो बेटे हैं। मृतक की पुत्री सोमवती ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रदीप बिश्नोई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।