पीलीभीत। डेयरी पर काम करने वाले युवक का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी 16 वर्षीय प्रिंस मौर्य पुत्र रामचरण मौर्य शहर के लीची बाग में एक डेयरी पर अपने भाई के साथ काम करता था। बृहस्पतिवार शाम को वह रोज की तरह काम करके वापस आ गया था। भाई हरचरण थोड़ी देर बाद वापस आया तो प्रिंस मौर्य का शव घर में रस्सी के फंदे से लटका देखा।
शोर मचाने पर मां गंगादेई मौके पर पहुंच गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। परिजन आत्महत्या करने का कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक प्रिंस के पिता की पूर्व में मौत हो चुकी है।
वह डेयरी पर अपने भाई के साथ ही काम करता है। वह रात में आठ बजे काम करके वापस आ जाता है, जबकि उसका भाई रात 10 बजे वापस आता है। घर के बाहर खाली पड़ी जगह में वह अपने भाई के साथ सोता है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक की आत्महत्या करने के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।