पीलीभीत। एआरटीओ ने पीलीभीत-सितारगंज मार्ग पर राजस्व पुलिस के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पांच वाहनों को सीज करते हुए चार पर चालान की कार्रवाई की है।
पीलीभीत सितारगंज मार्ग पर बिना रॉयल्टी एवं ओवरलोड माल वाहनों के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थी। इसको लेकर एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने एसडीएम अमरिया मयंक गोस्वामी और सीओ नताशा गाेयल के साथ शनिवार रात संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पीलीभीत-सितारगंज मार्ग से गुजर रहे माल वाहनों की सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान पांच माल वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल का परिवहन करते हुए पाए। इन वाहनों में निर्धारित क्षमता से 35 टन, 29 टन, आठ टन और दो वाहनों में पांच-पांच टन अधिक ओवरलोड माल का परिवहन करते हुए पाया। इस पर पांचों वाहनों को सीज किया। इसके साथ क्षमता से अधिक माल का परिवहन करते हुए पाए जाने पर चार वाहनों का चालान किया।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर 2.93 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क लगाया है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।