जहानाबाद। थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम दलेलगंज में एक चलती इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। इस दौरान अफरातफरी मच गई। स्कूटी से धुआं उठता देख चालक ने फुर्ती दिखाते हुए चलती स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद कुछ ही पलों में स्कूटी आग का गोला बन गई।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम दलेलगंज गांव निवासी अनस पुत्र शेर मोहम्मद अपनी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी से किसी काम से जा रहा था। इस दौरान अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा। जब तक वह कुछ समझ पाता, तभी स्कूटी में आग भड़क उठी और लपटें उठने लगीं। हालात को भांपते हुए अनस ने तुरंत स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगते ही सड़क पर हड़कंप मच गया। उधर से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक लिए। स्कूटी धू-धू कर जलती देख कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। देखते ही देखते स्कूटी पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और जल गई।
सूचना मिलने पर थाना जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि तब तक स्कूटी पूरी तरह से जल चुकी थी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार बिश्नोई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई लेकिन स्कूटी पूरी तरह नष्ट हो गई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई की है।